सरगुजा : अंबिकापुर के पोतका गांव में रविवार रात एक बारात में आये एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक की के साथ विवाद के बाद मारपीट करते हुए उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपियों ने मृतक के शव को पानी से भरे डबरी में फेंक दिया और फरार हो गए। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने डबरी में शव देखा, जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात उदयपुर थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि हनुमानगढ़ गांव से कुछ युवक पोतका में आयोजित शादी समारोह में बारात के साथ आए थे। इसी दौरान पोतका के कुछ युवकों का एक समूह वहां पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर हनुमानगढ़ के युवकों से विवाद शुरू कर दिया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले एक अन्य शादी समारोह के दौरान दोनों गांवों के युवकों के बीच विवाद हुआ था। जिसमें हनुमानगढ़ के युवकों ने पोतका के कुछ युवकों की पिटाई कर दी थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी।रविवार रात जब बारात पोतका पहुंची तो पुरानी रंजिश फिर सामने आ गई। पोतका के युवकों ने बारात में आए हनुमानगढ़ के युवकों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बारात में अफरा-तफरी मच गई। कई युवक अपनी जान बचाकर भाग निकले।
लेकिन 25 वर्षीय शीतल नामक युवक मौके से नहीं निकल सका। बताया जा रहा है कि हमलावर युवकों ने शीतल को घेरकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को गांव से कुछ दूरी पर स्थित पानी से भरे डबरी में फेंक दिया और वहां से भाग निकले। इधर रात में ही हनुमानगढ़ के युवकों ने शीतल के साथ मारपीट होने और उसके लापता होने की जानकारी पुलिस को दी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी ही थी कि सोमवार सुबह ग्रामीणों ने डबरी में एक युवक का शव पड़ा देखा।
सूचना मिलते ही उदयपुर थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान हनुमानगढ़ निवासी शीतल के रूप में की। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि मामले में एक संदेही युवक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल अन्य युवकों की तलाश जारी है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए आसपास के गांवों में निगरानी बढ़ा दी है।






















