पटना : शादी हो, जन्मदिन हो या फिर कोई धार्मिक कार्यक्रम, आजकल बिना डीजे के मानो कोई भी आयोजन अधूरा माना जाता है। लेकिन इन खुशियों के बीच तेज आवाज में बजता डीजे अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। शहरों से लेकर कस्बों तक ध्वनि प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। जिसको लेकर अब बिहार सरकार सख्ती की तैयारी कर रही है।
सदन में उठा तेज आवाज वाले डीजे का मुद्दा
दरअसल, बिहार विधानसभा में गुरुवार को शोर प्रदूषण और डीजे (DJ) से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं का मुद्दा गरमाया। निर्दलीय एमएलसी वंशीधर व्रजवासी ने सदन में यह सवाल उठाया कि शादी-विवाह और जुलूसों में बजने वाले तेज डीजे से लोगों को दिल का दौरा (हृदयाघात) तक पड़ रहा है। इतना ही नहीं उन्होंने सदन में आरोप भी लगाया कि बिना नंबर प्लेट की गाड़ियों पर अवैध रूप से डीजे बजाया जाता है, जिससे कानून-व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
मंत्री श्रवण ने ये आश्वासन
इसके जवाब में परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने सदन में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में बिना अनुमति डीजे बजाने पर रोक लगाई जाएगी और अगले 15 दिनों के भीतर व्यापक कार्रवाई शुरू होगी। मंत्री ने साफ कहा कि नियम लागू होने के बाद कोई यह उम्मीद न रखे कि शादी-विवाह के नाम पर छूट दी जाएगी।






















