Jashpur

CG Road Accident : शादी से लौट रही यात्री बस गड्ढे में पलटी, बस में 50-60 यात्री थे सवार, मौके पर मची चीख पुकार

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बुधवार रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बगीचा थाना क्षेत्र के खैरापाठ मोड़ के पास तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे, जो एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री की जान नहीं गई और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रात लगभग 10 बजे की है। जशपुर से मरंगी की ओर चलने वाली यात्री बस “चांदनी” शादी समारोह से लौट रहे यात्रियों को लेकर जा रही थी।

जैसे ही बस खैरापाठ मोड़ के पास पहुंची, अचानक तेज रफ्तार के कारण चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते बस सड़क से उतरकर गड्ढे में जा गिरी और पलट गई। हादसे के समय बस में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी सवार थे। अचानक हुए इस हादसे से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस पलटते ही यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।

बताया जा रहा है कि बस चालक नशे की हालत में था और लापरवाही पूर्वक वाहन चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से पहले बस काफी तेज गति में थी और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के कारण दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। बगीचा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और यात्रियों की जान जोखिम में डालने का मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही बस की फिटनेस, परमिट और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर रूप से घायल किसी यात्री की सूचना नहीं है। प्रशासन ने राहत की सांस ली है कि बड़ा हादसा होने के बावजूद किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। इस घटना के बाद एक बार फिर से सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा और चालकों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े हो गए हैं। नशे की हालत में वाहन चलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो यात्रियों की जान के लिए गंभीर खतरा बन रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

What's your reaction?

Related Posts

CG News : गांजा तस्करी मामले में बड़ा खुलासा, दो आरक्षक सहित चार आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में बड़े रैकेट का खुलासा

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का…

CG Breaking : प्रिंसिपल की गंदी हरकत से तंग आकर छात्रा ने उठाया आत्मघाती कदम, हॉस्टल के स्टडी रूम में मिली छात्रा …

जशपुर : जशपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां मिशनरी स्कूल में…

CG शराबी सिपाही : “आज थोड़ा ज़्यादा हो गया …. अब नहीं पिऊंगा” आरक्षक शराब के नशे में धुत, वीडियो हुआ वायरल

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से पुलिस विभाग की साख पर सवाल उठाने वाली एक…

1 of 5