रायपुर : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा सूबेदार, उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर (गृह पुलिस विभाग) संवर्ग भर्ती परीक्षा 2024 के अंतर्गत अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण (PST) की प्रक्रिया विधिवत प्रारंभ हो गई है। इस प्रक्रिया की शुरुआत 6 जनवरी 2026 से दूसरी वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल), सकरी, बिलासपुर में की गई। पहले दिन आयोग द्वारा कुल 750 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 485 अभ्यर्थी निर्धारित समय पर उपस्थित हुए, जबकि 265 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
अधिकारियों के अनुसार यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है। दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक माप परीक्षण की यह प्रक्रिया 6 फरवरी 2026 तक निरंतर जारी रहेगी। पहले दिन 265 अभ्यर्थियों के नहीं पहुंचने पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। लोक सेवा आयोग द्वारा पहले ही अभ्यर्थियों के लिए तिथि और केंद्र निर्धारित कर दिए गए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी केवल अपने निर्धारित दिनांक पर ही संबंधित केंद्र में उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन एवं PST में शामिल हो सकते हैं। समय से पहले या बाद में पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
आयोग की ओर से सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे आवेदन प्रक्रिया के दौरान भरे गए फॉर्म के अनुसार अपने सभी मूल दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं। दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की त्रुटि या कमी पाए जाने पर अभ्यर्थिता निरस्त की जा सकती है। इसके साथ ही आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षण केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ, ज्वलनशील सामग्री या घातक हथियार केंद्र परिसर में लाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक माप परीक्षण की यह प्रक्रिया प्रदेश के विभिन्न जिलों—सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, रायपुर एवं राजनांदगांव—में निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। इससे विभिन्न संभागों के अभ्यर्थियों को सुविधा मिलेगी और प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न की जा सकेगी। अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय प्रातः 07:00 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि शारीरिक माप परीक्षण प्रातः 08:00 बजे से प्रारंभ होगा। आयोग ने समय पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा है कि देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रक्रिया में शामिल होने में कठिनाई हो सकती है।
आयोग ने यह भी जानकारी दी है कि इस भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रवेश पत्र 26 दिसंबर 2025 को जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। गौरतलब है कि सूबेदार, उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा प्रदेश की प्रतिष्ठित भर्तियों में से एक है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा भाग ले रहे हैं। दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण के सफल आयोजन के बाद भर्ती प्रक्रिया के अगले चरणों की घोषणा आयोग द्वारा समय पर की जाएगी।























