हाथरस : हरियाणवी डांसर डिम्पल चौधरी ने हाथरस में मंच पर हुए अभद्र व्यवहार मामले को लेकर एक और वीडियो जारी किया है। डांसर का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने मंच पर चढ़कर उनके साथ आपत्तिजनक हरकत की और गलत तरीके से छूने की कोशिश की। इस घटना के बाद वह मानसिक तनाव से गुजर रही हैं।
पहले भी की थी अभद्रता, फिर स्टेज पर छूने की कोशिश
डिंपल चौधरी ने अपने दूसरे वीडियो में कहा कि जिस युवक की चर्चा हो रही है, उसने उसी रात पहले भी उनके साथ बदसलूकी की थी। उनके अनुसार युवक मंच के सामने आया और पैसे देने के बहाने अनुचित व्यवहार करने लगा। डिंपल ने कहा कि उन्होंने काफी देर तक स्थिति को नजरअंदाज किया, लेकिन युवक की हरकतें नहीं रुकीं। डांसर का आरोप है कि बाद में दूसरी परफॉर्मेंस के दौरान युवक ने सारी सीमाएं पार कर दीं और उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि एक महिला कलाकार के लिए मंच पर इस तरह की घटना बेहद अपमानजनक होती है।
परिवार और समाज पूछ रहा सवाल
डिंपल ने कहा कि घटना का वीडियो सामने आने के बाद उन्हें लगातार परिवार और परिचितों के फोन आ रहे हैं। पिछले कई दिनों से वह मानसिक रूप से परेशान हैं और उन्हें अपना फोन तक बंद करना पड़ा। उन्होंने साफ़ किया कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स का संचालन उनका मैनेजर करता है और वही वीडियो और दूसरे पोस्ट अपलोड करता है। भावुक होते हुए डिंपल ने कहा कि अगर महिलाओं और कलाकारों के साथ ऐसी घटनाएं होती रहीं तो समाज में बेटियों और महिलाओं का सम्मान प्रभावित होगा। उन्होंने लोगों से महिला सम्मान की रक्षा करने की अपील की।
कार्यक्रम में मचा हंगामा, पुलिस शिकायत नहीं करेंगी
डिंपल चौधरी के अनुसार यह घटना 3 जून को उत्तर प्रदेश के हाथरस में आयोजित एक डांस और रागनी कार्यक्रम के दौरान हुई थी। कार्यक्रम एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कराया था। इसमें कई कलाकार मौजूद थे, जिनमें शिवानी और कोमल चौधरी भी शामिल थीं।
डिंपल ने बताया कि रात करीब 2:30 बजे जब वह हरियाणवी गीत “गंडास” पर प्रस्तुति दे रही थीं, तभी एक युवक मंच पर चढ़ आया। उनका आरोप है कि युवक ने गलत नीयत से उनकी कमर को छूने की कोशिश की, जिससे नाराज होकर उन्होंने मंच पर ही उसे थप्पड़ मार दिया हालांकि डिंपल ने कहा कि वह फिलहाल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहतीं क्योंकि उन्होंने मौके पर ही युवक को जवाब दे दिया था। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर हंगामा हुआ और भीड़ को कंट्रोल करने के लिए लाठीचार्ज किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।























