दंतेवाड़ा : जिले के गीदम थाना क्षेत्र में एक मेटाडोर चालक की आत्महत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आत्महत्या से पहले चालक द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो सामने आने के बाद घटना ने गंभीर मोड़ ले लिया है। वीडियो में चालक ने एक लग्जरी कार (मर्सिडीज) चालक और उसके साथियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर गीदम के बंजारी घाट में एक मेटाडोर और मर्सिडीज कार के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई थी। आरोप है कि दुर्घटना के बाद मर्सिडीज चालक ने मेटाडोर चालक ताम्रध्वज साहू के साथ मारपीट की।
इसके बाद कुछ अन्य लोगों को बुलाकर भी उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई। घटना से आहत ताम्रध्वज साहू ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर कई वीडियो पोस्ट किए, जिनमें उसने अपने साथ हुई मारपीट का जिक्र करते हुए संबंधित लोगों से माफी भी मांगी। वीडियो वायरल होने के कुछ समय बाद उसने बंजारी घाट क्षेत्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि मृतक के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया पोस्ट और घटना से पहले उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना और कथित मारपीट की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। मर्सिडीज चालक और अन्य संबंधित व्यक्तियों से भी पूछताछ की जाएगी। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।























