सीतापुर : आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अमूमन हर जिले में कलेक्टर समाधान दिवस या फिर जनता दरबार लगाते है। ताकि इसके जरिये आम लागों की समस्याओं का त्वरित निपटारा हो सके। लेकिन यूपी के सीतापुर में कलेक्टर के सामने ऐसा मामला आया, जिसे सुनकर अफसर हैरान है। दरअसल एक शख्स ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है कि….उसकी पत्नी नागिन है और रात में उसे नागिन बन कर डराती है। इसकी वजह से वो सो नहीं पा रहा है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला सीतापुर के महमूदाबाद तहसील के लोधासा गांव का है। यहां रहने वाले मेराज की शादी राजपुर की रहने वाली नसीमुन के साथ हुई है। 4 अक्टूबर को मेराज कलेक्टर कार्यायल में समाधान दिवस के मौके पर पहुंचा हुआ था। यहां कलेक्टर अभिषेक के समक्ष वह एक प्रार्थना पत्र लेकर उपस्थित हुआ। इस पत्र में मेराज ने एक अजीबोगरीब शिकायत की। ये शिकायत न तो किसी जमीन विवाद की थी और न किसी झगड़े की जैसा कि आमतौर पर समाधान दिवस पर होता है।
मेराज ने DM साहब से शिकायत करते हुए बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से परेशान है। जिससे वह उसे रात में नागिन बनकर डराती है। पत्नी की इस खौफनाक हरकत से वह कई रातों से सो नहीं पा रहा है। पहले तो अधिकारियों को ये समझ नहीं आया कि शिकायत करने वाला मेराज मानसिक रूप से ठीक है या नहीं। लेकिन उसके कई बार शिकायत करने पर अधिकारियों ने उसका आवेदन स्वीकर कर लिया। शिकायतकर्ता के पत्र पर अधिकारियों ने कोतवाली पुलिस को मामले की जांच के लिए निर्देश दिए हैं।
मेराज ने अपने शिकायती पत्र में कुछ ऐसी बातें कहीं हैं, जिससे उसकी बात पर शक भी होता है। मेराज ने अपने पत्र में एक जगह लिखा है कि उसकी पत्नी ने उसे जान से मारने की भी कोशिश की है। लेकिन अचानक उसकी आंख खुल गई और वो सफल नहीं हो सकी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मेराज का ये आरोप महज कल्पना भी हो सकता है। बहरहाल अधिकारियों ने कोतवाली को इस मामले में जांच कर निस्तारण का आदेश दिया है।























