हिसार : हरियाणा पुलिस ने हिसार शहर में देह व्यापार और अन्य अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त एक गिरोह का भंडाफोड़ कर 18 महिलाओं को मुक्त कराया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। हिसार पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई प्रदेश सरकार की देह व्यापार और अन्य अनैतिक गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति के तहत की गई। इस अभियान के हिस्से के रूप में, सोमवार को अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र में स्थित दो होटलों पर छापेमारी के बाद अनैतिक तस्करी से जुड़ा एक मामला दर्ज किया गया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पुलिस की एक टीम ने सोमवार को दोनों होटलों पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस बयान में बताया गया कि छापेमारी के दौरान कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया और कानून के मुताबिक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। इसके अलावा, मामले में होटल संचालकों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी प्रासंगिक धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए। पुलिस के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि इन महिलाओं को उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और उत्तराखंड जैसे राज्यों से देह व्यापार के लिए इन होटलों में लाया गया था।
बताया जा रहा है कि यहां फोटो दिखाकर ग्राहकों से डील किया जाता था। हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि महिलाओं की गरिमा, सामाजिक मर्यादा या कानून-व्यवस्था से समझौता करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्थान को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी होटलों, अतिथि गृह, रिसॉर्ट्स और लॉज के संचालकों को स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए निर्देश दिया कि वे प्रत्येक अतिथि से वैध पहचान पत्र प्राप्त करें, उनका पूरा रिकॉर्ड रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।






















