मध्य प्रदेश : छिंदवाड़ा जिले में लव जिहाद का मामला सामने आया है। शिवपुरी की युवती का आरोप है कि युवक से सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती हुई, फिर युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मामले में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए हैं।
जानकारी अनुसार, मामला जिले के शिवपुरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पीड़िता के अनुसार उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से रावन वाड़ा निवासी एक धर्म विशेष के युवक से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी, जिसके बाद युवक ने कथित तौर पर उसके साथ आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। युवती का आरोप है कि आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसों की मांग करता था। इसके साथ ही उस पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव भी बनाया जा रहा था।
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। परेशान युवती ने जब अपने परिचितों को पूरी जानकारी दी तो मामला विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने युवती से संपर्क किया और उसे थाना शिवपुरी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने में सहयोग किया। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।























