छतरपुर : मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग ने गांव में फायरिंग और मारपीट की है। यह मामला राजनगर थाना क्षेत्र के कौड़ा गांव का हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जबकि पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। वहीं पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पहले कह चुके हैं कि उनका अपने भाई से कोई संबंध नहीं है।
क्या है मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, कौड़ा गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि, फायरिंग की गई और दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। बताया जा रहा है कि घायलों के शरीर पर मारपीट के निशान हैं और उनकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। वहीं घायल ने आरोप लगाया कि बागेश्वर महाराज के छोटे भाई गरीबों की जमीने छीन रहें है जिसको लेकर मारपीट और गोली मारी गई है।
घायल व्यक्ति ने दी जानकारी
इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए घायल मोतीलाल कुशवाहा नाम व्यक्ति ने बताया कि, क्षेत्र के किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका आरोप है कि जो किसान अपनी जमीन देने से इनकार करते हैं, उनके साथ मारपीट और धमकी दी जाती है। उन्होंने दावा किया कि इसी विवाद के दौरान उन पर गोली चलाई गई, जिससे वे घायल हो गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों पुलिस मदद से घायल किसान को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान और एफआईआर की जानकारी की प्रतीक्षा है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। शालिग्राम गर्ग या बागेश्वर धाम की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
























