रायपुर/गुरुग्राम : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुग्राम स्थित मेदांता – द मेडिसिटी पहुंचकर सड़क हादसे में घायल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से उनकी चिकित्सा की जानकारी प्राप्त की और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। दरअसल, बुधवार शाम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की कार मध्यप्रदेश सीमा के पास झांसी-ललितपुर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसा उस समय हुआ, जब वे गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम से दर्शन कर परिवार के साथ वापस लौट रहे थे।
सामने से आ रहे वाहन को बचाने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सफर के दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पास से गुजर रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार किरण सिंह देव घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए गुरुवार सुबह उन्हें गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल रेफर किया गया।
डॉक्टरों ने बताया खतरे से बाहर
मेदांता अस्पताल में भर्ती किरण सिंह देव का उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। दुर्घटना में उनके पैर और कमर में चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जाना स्वास्थ्य का हाल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अस्पताल पहुंचकर किरण सिंह देव से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी भी ली तथा बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किरण सिंह देव छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष होने के साथ-साथ जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी हैं। उनके दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।











































