धमतरी:- मगरलोड थाना इलाके के वन परिक्षेत्र उत्तर सिंगपुर में भालू ने 2 ग्रामीणों पर हमला कर दिया. घटना परसाबुडा गांव के कुंआनार जंगल की है. दोनों जख्मी ग्रामीण अलग-अलग समय पर मशरूम की तलाश में जंगल गए थे, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. वन विभाग ने ग्रामीणों से फिलहाल जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की है.
भालू के हमले में 2 ग्रामीण जख्मी
ग्रामीणों के मुताबिक परसाबुडा निवासी राम प्रसाद साहू सुबह 5 बजे मशरूम की तलाश में कुंआनार जंगल पहुंचे थे. इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया. भालू के हमले में वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए. उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें भालू के चंगुल से छुड़ाया. इसी बीच कुछ समय बाद अमलीडीह निवासी राम प्रसाद हलबा भी उसी जंगल क्षेत्र में मशरूम बीनने पहुंचे. बताया जा रहा है कि उन पर भी उसी भालू ने हमला कर दिया. हमले में वे भी जख्मी हो गए. लगातार दो ग्रामीणों पर भालू के हमले की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया.
ग्रामीणों में दहशत
घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है. जानकारी के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि उनके शरीर पर भालू के पंजों और दांतों के गहरे घाव हैं. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे जंगल क्षेत्र में जांच शुरू कर दी. वन अमला भालू की गतिविधियों पर नजर रख रहा है, ताकि आगे किसी अन्य ग्रामीण के साथ ऐसी घटना न हो. साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जंगल में न जाने की सलाह दी जा रही है.



























