गरियाबंद : राजिम क्षेत्र के छुरा विकासखंड के पाटशिवनी गांव में आयोजित सुशासन तिहार 2026 का शिविर प्रशासनिक कार्यक्रम से अधिक जनाक्रोश के मंच में तब्दील हो गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे, लेकिन समस्याओं के अंबार और समाधान की धीमी प्रक्रिया ने जनप्रतिनिधियों को भी आक्रोशित कर दिया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू ने मंच से ही राजस्व विभाग के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “तहसीलदार और पटवारी अपनी कार्यप्रणाली सुधार लें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।” विधायक का यह बयान वहां मौजूद अधिकारियों के लिए सीधे संदेश के रूप में देखा गया। इसी दौरान अवैध कच्ची शराब के मुद्दे पर भी विधायक ने पुलिस प्रशासन को घेरा। उन्होंने मौके से ही पुलिस अधीक्षक (SP) को फोन लगाकर छुरा थाना प्रभारी को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। विधायक की इस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मच गई है।
जनपद पंचायत अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने भी राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सबसे ज्यादा शिकायतें इसी विभाग के खिलाफ मिल रही हैं और आम जनता को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। वहीं, जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा ने एक मामले में 40 हजार रुपए की कथित उगाही का खुलासा करते हुए अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। शिविर में कुल 393 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि विवाद, नामांतरण, राशन कार्ड, पेंशन और अन्य योजनाओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
खास बात यह रही कि विधायक रोहित साहू ने मंच से ही माइक आम जनता को सौंप दिया और अधिकारियों को वहीं पर जवाब देने के लिए कहा। इससे कई मामलों में तत्काल समाधान भी हुआ, जबकि कुछ मामलों में जांच के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी हितग्राहियों को दिया गया। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म निभाई गई, दिव्यांगजनों को ट्रायसिकल वितरित किए गए और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को मकान की चाबी सौंपी गई।





















