रायपुर : राजधानी रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र स्थित कुंबरगढ़ के प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर परिसर की प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। मृतकों की पहचान साक्षी साहू (7 वर्ष) और श्रवण धीवर (4 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे धरसींवा के कुर्रा गांव के रहने वाले थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह दोनों बच्चे खेलते-खेलते मंदिर परिसर पहुंचे थे। इसी दौरान वे प्राचीन बावड़ी के पास चले गए और अचानक उसमें गिर गए। काफी देर तक बच्चों के नहीं मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान दोनों बच्चों के शव बावड़ी से बाहर निकाले गए। घटना की सूचना मिलते ही धरसींवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्राचीन बावड़ी के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने पर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी खुली और गहरी बावड़ियों के आसपास सुरक्षा घेराबंदी और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।























