रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों के इलाज के लिए निजी अस्पतालों की नई सूची जारी कर दी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सूची में प्रदेश के 85 और राज्य के बाहर के 66 अस्पतालों को शामिल किया गया है, जहां कर्मचारी उपचार करा सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत सरकारी कर्मचारी अब अपने साथ-साथ परिवार के सदस्यों का भी इलाज सूचीबद्ध अस्पतालों में करा पाएंगे। सूची में देश के कई प्रतिष्ठित निजी अस्पतालों को शामिल किया गया है। राज्य के बाहर जिन बड़े अस्पतालों को सूची में जगह मिली है, उनमें मेदांता, अपोलो चेन्नई, सीएमसी वेल्लोर प्रमुख हैं।
मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज
इसके अलावा बत्रा हॉस्पिटल , लीलावती हॉस्पिटल , मैक्स हेल्थकेयर और नानावती मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल जैसे बड़े अस्पतालों में भी इलाज की सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य कर्मचारियों को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।











































