Rajnandgaon

CG Crime : 8 दिन तक युवक की कमर में फंसा रहा चाकू, एक्स-रे में खुला राज चाकूबाजी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में चाकूबाजी की एक सनसनीखेज घटना के साथ सरकारी अस्पताल की उपचार व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद में 22 वर्षीय विवेक साहू पर चाकू से हमला किया गया था। हमले के दौरान चाकू का करीब 2 से 3 इंच का टुकड़ा उसकी कमर में ही फंसा रह गया। हैरानी की बात यह है कि सरकारी अस्पताल में टांके लगाकर उसे रेफर कर दिया गया, लेकिन शरीर में फंसा चाकू का टुकड़ा नहीं निकाला गया। करीब आठ दिन बाद एक्स-रे कराने पर इसका खुलासा हुआ। इधर, पुलिस ने चाकूबाजी के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक, घटना 10 नवंबर की रात की है। डोंगरगढ़ में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और चाकूबाजी शुरू हो गई। इस घटना में 22 वर्षीय विवेक साहू और टिल्लू मांडवी घायल हो गए। अगले दिन यानी 11 नवंबर की सुबह दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ लाया गया था। विवेक की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

कमर में फंसा रहा चाकू का 2 से 3 इंच का टुकड़ा

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात उपचार के दौरान सामने आई कथित लापरवाही है। हमले में विवेक की कमर में चाकू का करीब 2 से 3 इंच का हिस्सा टूटकर फंसा रह गया था। सरकारी अस्पताल में उसके घाव पर टांके लगाए गए और उसे रेफर कर दिया गया, लेकिन शरीर के अंदर फंसे चाकू के टुकड़े का पता नहीं चल पाया। करीब आठ दिन तक युवक की कमर में चाकू का टुकड़ा मौजूद रहा। बाद में एक्स-रे कराने पर इसका खुलासा हुआ।

18 नवंबर को निजी अस्पताल में निकाला गया चाकू का टुकड़ा

जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को निजी अस्पताल में उपचार के दौरान विवेक की कमर में फंसे चाकू के टुकड़े को बाहर निकाला गया। इसके बाद सरकारी अस्पताल में शुरुआती उपचार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब चाकूबाजी में घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, तब उपचार और जांच के दौरान शरीर में फंसे चाकू के हिस्से का पता क्यों नहीं चला?

चाकूबाजी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

घटना के बाद घायल विवेक साहू के पिता संजय साहू की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब पुलिस ने चाकूबाजी के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस की कार्रवाई के तहत आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।

सरकारी अस्पताल की भूमिका पर गंभीर सवाल

चाकूबाजी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के बीच अब सरकारी अस्पताल में हुए उपचार की प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में है। ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर और ड्रेसिंग करने वाले स्वास्थ्यकर्मी की भूमिका जांच के दायरे में बताई जा रही है। पुलिस ने डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों की जवाबदेही को जांच का विषय बताया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक इस मामले में कोई स्पष्ट पक्ष सामने नहीं आया है। इस घटना ने सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन उपचार और मरीजों की समुचित जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस की जांच में चिकित्सकीय लापरवाही की जिम्मेदारी तय होती है या नहीं और स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

What's your reaction?

Related Posts

छत्तीसगढ़ के इस गांव ने बदल दी तस्वीर! हर घर सोलर से रोशन, बना प्रदेश में नंबर-1, अब नहीं रहा बिजली बिल का डर

राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के छोटे से गांव खैरा ने पूरे प्रदेश…

CG News : छत्तीसगढ़ में थम जाएंगे ट्रक और बसों के पहिए! ड्राइवर महासंगठन ने किया स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन का ऐलान

राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन द्वारा अपनी तीन प्रमुख मांगों को लेकर…

CG Crime : मां ने अपने ही बेटे के ऊपर पेट्रोल डालकर लगाई आग, अस्पताल में हुई मौत, पुलिस ने किया गिरफ्तार

राजनांदगांव : जिले के अटल आवास कालोनी पेण्ड्री में एक दिल दहला देने वाली घटना…

छत्तीसगढ़ में 24 घण्टे से मूसलाधार बारिश …. स्कूलों में दी गई छुट्टी, आम लोगों का जनजीवन भी बुरी तरह हुआ प्रभावित

राजनांदगांव/डोंगरगढ़ : छत्तीसगढ़ में पिछले 48 घंटो से लगातार बारिश हो रही हैं। इस…

1 of 7