Bilashpur

CG Crime : जेल के भीतर खूनी वारदात तिहरे हत्याकांड में सजा काट रहे कैदी ने विचाराधीन बंदी की पत्थर मारकर हत्या

बिलासपुर : केंद्रीय जेल बिलासपुर में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां तिहरे हत्याकांड में सजा काट रहे एक कैदी ने पाक्सो एक्ट के मामले में बंद विचाराधीन बंदी की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल बंदी को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

बैरक में लूडो खेलते समय हुआ हमला

जानकारी के अनुसार कोटा क्षेत्र के दवनपुर निवासी नीलू जगत वर्ष 2024 से पाक्सो एक्ट के मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में निरुद्ध था। उसे जेल की ई-वन बैरक में रखा गया था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बैरक में कुछ बंदी और कैदी लूडो खेल रहे थे, जबकि नीलू पास में लेटा हुआ था।इसी दौरान तिहरे हत्याकांड में सजा काट रहा कैदी राजेश राय वहां पहुंचा और हाथ में रखे पत्थर से नीलू के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बैरक में अफरा-तफरी मच गई। अन्य बंदियों ने किसी तरह बीच-बचाव किया, लेकिन तब तक नीलू गंभीर रूप से घायल हो चुका था।

सिम्स में उपचार के दौरान मौत

घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने घायल नीलू को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

मानसिक और शारीरिक बीमारी के कारण एक ही बैरक में थे दोनों

जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने बताया कि आरोपी कैदी राजेश राय वर्ष 2011 से मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज जेल में चल रहा था। वहीं नीलू जगत को मिर्गी की बीमारी थी, जिसके चलते उसका भी नियमित उपचार किया जा रहा था।इन्हीं कारणों से दोनों को विशेष निगरानी वाली एक ही बैरक में रखा गया था। बैरक में ऐसे अन्य बंदी भी रखे गए थे, जिन्हें नियमित दवा और चिकित्सकीय निगरानी की आवश्यकता थी।

तीन दिन पहले खारिज हुई थी सजा माफी की अर्जी

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राजेश राय और उसके पिता हरि राय हत्या के एक मामले में सजा काट रहे हैं। राजेश के एक भाई को पहले सजा माफी मिल चुकी है। राजेश ने भी सजा में राहत के लिए आवेदन किया था, लेकिन राज्य सरकार ने तीन दिन पहले ही उसकी सजा माफी की अर्जी खारिज कर दी थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान था।

हमले के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस

फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन यह पता लगाने में जुटे हैं कि राजेश राय ने नीलू जगत को ही निशाना क्यों बनाया। दोनों के बीच किसी प्रकार का विवाद था या फिर हमला मानसिक अस्थिरता का परिणाम था, इसकी जांच की जा रही है।इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की निगरानी को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

What's your reaction?

Related Posts

High Court : मां की मौत के बाद किसे मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति? अविवाहित बेटी या सौतेला बेटा, हाईकोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने अनुकंपा नियुक्ति के मामले में बड़ा फैसला सुनाया…

CG Viral Video : नशे में धुत युवती का हाईवोल्टेज ड्रामा, चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों से की बदतमीजी, हुई कड़ी चालानी कार्रवाई

बिलासपुर : न्यायधानी बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत राजीव गांधी चौक…

CG Railway : छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों को बड़ा झटका, रेलवे ने इन ट्रेनों को किया अचानक किया रद्द, जानिए क्या है वजह?

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। दक्षिण…

1 of 36