रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना इलाके में पुलिस ने मुराद पूरी करने के नाम पर नाबालिग से अश्लील हरकत करने वाले एक फर्जी बाबा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम मुस्तकीम बेग है, जो मूल रूप से खैरागढ़ जिले का रहने वाला है। पीड़ित नाबालिग की शिकायत के बाद पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है।
नग्न हालत में 5 मिनट तक गोल-गोल घुमाया
मिली जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग अपनी मन्नत और मुराद पूरी कराने के सिलसिले में ईदगाहभाठा स्थित एक मकान में बाबा मुस्तकीम बेग के पास गया था। आरोप है कि जैसे ही नाबालिग कमरे के अंदर गया, वहां मौजूद फर्जी बाबा ने उसके सारे कपड़े उतरवा दिए। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को नग्न हालत में कमरे के अंदर करीब 5 मिनट तक गोल-गोल घुमाया।
तुम्हारी मुराद पूरी हो गई
हरकत यहीं नहीं रुकी, बाबा ने नाबालिग से अपना पैर चुमवाया और कहा कि “तुम्हारी मुराद पूरी हो गई और सारी बाधाएं दूर हो गईं,” जिसके बाद उसे कपड़े पहनाकर घर भेज दिया गया। इस घिनौनी हरकत से आहत होकर पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। आजाद चौक थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी बाबा मुस्तकीम बेग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(2) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 11(2) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फर्जी बाबा को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया है।

























