रायपुर :- भगवान शिव को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला तूल पकड़ने के बाद रायपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने दर्ज शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर यह कार्रवाई की।जानकारी के अनुसार, फेसबुक पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी और हंसराज गोयल ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि पोस्ट से भगवान शिव के प्रति श्रद्धा रखने वाले लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।मामले ने शुक्रवार रात उस समय और तूल पकड़ लिया, जब बजरंग दल के कार्यकर्ता अरुण पन्नालाल के निवास पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि सावन का पवित्र महीना चल रहा है और ऐसे समय में भगवान शिव के संबंध में कथित अभद्र टिप्पणी करना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि इसी कारण तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।



























