रायगढ़:- रायगढ़ नगर निगम के वार्ड क्रमांक 31 की महिला पार्षद त्रिनिशा चौहान और उसके परिवार वालों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला पार्षद देर रात शादी समारोह से वापस लौट रही थी, इस दौरान साइड देने की बात को लेकर कुछ युवकों के साथ उनका विवाद हो गया।
मारपीट तक की स्थिति निर्मित
मामला इतना बढ़ गया की मारपीट तक की स्थिति निर्मित हो गई। मामले में महिला पार्षद ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला इतने में ही शांत नहीं हुआ। बुधवार को मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर महापौर जीवर्धन चौहान सभापति डिग्री लाल साहू सहित भाजपा पार्षदों ने सिटी कोतवाली के सामने धरना दे दिया । उनका कहना था कि जब एक महिला जन प्रतिनिधि सुरक्षित नहीं है तो आम आदमी सुरक्षित कैसे रहेगा। मामले में महिला पार्षद की शिकायत के बाद भी अब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है आरोपी खुले में घूम रहे हैं।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर खाना पूर्ति की है।
मामले में पुलिस ने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर खाना पूर्ति की है। उनका यह भी आरोप था कि कांग्रेस के कहने पर आरोपियों को बचाया जा रहा है। मामले को लेकर देर तक सिटी कोतवाली के बाहर हंगामें की स्थिति रही। पुलिस की समझाइश के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ। मामले में एसपी का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पीड़ित पक्ष धाराओं को लेकर असंतुष्ट हैं। मेडिकल रिपोर्ट के बाद धाराएं बढ़ाई जाएगी। पीड़ितों को समझाइश दी गई है।





















