रायपुर : छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश में एक सड़क हादसे में घायल हो गए। यह दुर्घटना झांसी-ललितपुर मार्ग पर उस समय हुई, जब वे गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम में दर्शन कर परिवार के साथ लौट रहे थे। हादसे में उन्हें कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। फिलहाल उनका इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
सामने आए वाहन को बचाने में हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव की कार झांसी और ललितपुर के बीच सफर कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। तेज ब्रेक लगने से कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पास से गुजर रहे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर काफी जोरदार थी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार किरण सिंह देव घायल हो गए।
झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से किरण सिंह देव को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है।
गुरु पूर्णिमा पर गए थे बागेश्वर धाम
बताया जा रहा है कि किरण सिंह देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने निजी कार्यक्रम के तहत बागेश्वर धाम गए थे। दर्शन के बाद परिवार के साथ वापस लौटते समय यह सड़क हादसा हुआ।हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं और समर्थकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।











































