सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक बेहद आपत्तिजनक वीडियो सामने आया है। यहाँ देवनगर नर्सरी परिसर में कुछ असामाजिक तत्वों ने न केवल एक फॉरेस्ट गार्ड के साथ मारपीट की, बल्कि मानवता की सारी हदें पार करते हुए उसे बीच सड़क पर नचाया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार 27 फरवरी 2026 की है।
बताया जा रहा है कि फॉरेस्ट गार्ड अपनी एक महिला मित्र के साथ देवनगर नर्सरी परिसर में मौजूद था। इसी दौरान ग्रामीण युवकों की एक टोली वहां पहुंची और उन्होंने गार्ड को घेर लिया। आरोपियों ने आव देखा न ताव और गार्ड पर टूट पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों और वीडियो के अनुसार, युवकों ने वर्दी का सम्मान किए बिना गार्ड को डंडे और बेल्ट से बेरहमी से पीटा। इस दौरान उसकी महिला मित्र हमलावरों के आगे रहम की भीख मांगती रही।
पिटाई के बाद करवाया डांस
मारपीट के बाद आरोपियों ने मोबाइल पर गाना बजाया और लहूलुहान व डरे हुए फॉरेस्ट गार्ड को नाचने पर मजबूर किया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वर्दी पहने हुए गार्ड बेबस होकर नाच रहा है और आरोपी उसका मजाक उड़ा रहे हैं।
पुलिस की रडार पर आरोपी
वीडियो वायरल होने के बाद सूरजपुर पुलिस हरकत में आ गई है। स्थानीय प्रशासन ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की है। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है।






















