Surajpur

CG Crime : दामाद ने ससुराल में खेला खूनी खेल, शादी समारोह में पत्नी का किया मर्डर, साली सहित दो महिला की हालत गंभीर

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरहरी में दामाद ने खूनी कांड किया है। ससुराल में जहां एक ओर घर में विवाह की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं दूसरी ओर देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने जश्न को मातम में बदल दिया। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी, साली और एक अन्य महिला पर हथौड़े से प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से पत्नी की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य का इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपित गणेश कुशवाहा, निवासी परसापारा (रेवटी), अपने साले सुरेश कुशवाहा के विवाह समारोह में शामिल होने ग्राम सरहरी आया था। बरात सरहरी से वाड्रफनगर के सरना गांव गई थी और शुक्रवार को वापस लौटी थी। शादी की रस्मों के बाद घर में सभी लोग भोजन कर विश्राम के लिए चले गए। बताया जा रहा है कि रात लगभग दो बजे के आसपास गणेश कुशवाहा उठा और घर में रखा एक भारी हथौड़ा लेकर अपनी पत्नी यशोदा कुशवाहा (32) के कमरे में पहुंचा।

आरोप है कि उसने सो रही पत्नी के सिर पर हथौड़े से जोरदार वार कर दिया। प्रहार इतना भीषण था कि यशोदा गंभीर रूप से घायल होकर वहीं अचेत हो गई। इसके बाद आरोपित दूसरे कमरे में पहुंचा, जहां उसकी साली गंगोत्री कुशवाहा (28) सो रही थी। उसके सिर पर भी हथौड़े से हमला किया गया। वार की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गंगोत्री की हालत बेहद गंभीर हो गई। आरोपित का हमला यहीं नहीं रुका।

वह तीसरे कमरे में पहुंचा, जहां प्रतापपुर के करंजवार निवासी पिंकी कुशवाहा (30) सो रही थी। उसके सिर पर भी हथौड़े से वार किया गया। हालांकि, वार अपेक्षाकृत हल्का होने के कारण पिंकी की नींद खुल गई। घायल अवस्था में उसने किसी तरह खुद को बचाया और चीख-पुकार करते हुए कमरे से बाहर निकली। शोर सुनकर घर के अन्य सदस्य जाग गए, लेकिन तब तक आरोपित मौके से फरार हो चुका था। परिजनों द्वारा तत्काल तीनों घायलों को उपचार के लिए अंबिकापुर ले जाया गया।

इलाज के दौरान यशोदा कुशवाहा ने दम तोड़ दिया। वहीं गंगोत्री कुशवाहा की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पिंकी कुशवाहा का उपचार अंबिकापुर में जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। मौके पर पहुंचे डीएसपी अनूप कुमार एक्का, थाना प्रभारी अमित कौशिक, चंदौरा थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह एवं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर प्रतापपुर थाना, चंदौरा थाना और रेवटी चौकी की तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गणेश कुशवाहा और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। विवाद के चलते पत्नी पिछले छह–सात महीनों से अपने मायके सरहरी में रह रही थी।

What's your reaction?

Related Posts

CG Road Accident : यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस खड़े ट्रक से जा भिड़ी, हादसे में 1 की मौत, दर्जनभर यात्री घायल, 3 की हालत गंभीर

बिश्रामपुर : अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर ग्राम पंचायत कल्याणपुर के नवापारा में…

CG News : शादी करके फंस गया यार …. छोटी लड़की से शादी करने पर बड़ा एक्शन, दुल्हा, उसके पिता व दुल्हन के पिता सहित 11 पर FIR

रायपुर : प्रदेश में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के…

CG News : शादी का झांसा देकर कारोबारी ने किया शोषण, युवती ने तालाब में लगायी छलांग, कई बार संबंध बनाकर शादी से मुकरा

सूरजपुर : विश्रामपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम…

CG Crime : 8 साल की बच्ची बनी हैवानियत का शिकार, तीसरी की छात्रा के साथ अधेड़ ने की ऐसी हरकत, कांप उठी रूह …

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटनाएं थमने का…

1 of 8