मैनपुरी : उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक बेहद सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने गुरु-शिष्य जैसे पवित्र रिश्ते को दागदार कर दिया है। यहां कक्षा 12वीं में पढ़ने वाले एक सिरफिरे छात्र ने अपनी ही महिला शिक्षिका पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर छात्र ने शिक्षिका के दोनों होंठ काट लिए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल से आगरा रेफर किया गया है।
टीचर-छात्र रिश्ता शर्मसार
घटना मैनपुरी सदर कोतवाली क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार महिला शिक्षिका ट्यूशन पढ़ाने के लिए जा रही थीं तभी आरोपी छात्र ने रास्ते में उनका पीछा करते हुए उन्हें रोक लिया। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर छात्र ने जबरन शिक्षिका के गले में हाथ डालकर उन्हें आगे ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर छात्र ने उन पर अचानक हमला कर दिया और उनके होंठ काट लिए। खून निकलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र पहले भी स्कूल में शिक्षिका के साथ छेड़छाड़ कर चुका था। इसकी शिकायत शिक्षिका ने छात्र के परिजनों से की थी। कुछ समय तक छात्र का व्यवहार ठीक रहा लेकिन बाद में उसने फिर से परेशान करना शुरू कर दिया। इससे तंग आकर शिक्षिका ने वह स्कूल छोड़ दिया और दूसरे स्कूल में पढ़ाने लगीं लेकिन छात्र वहां भी उनका पीछा करता रहा।
CCTV में कैद हुई वारदात
घटना के बाद घायल शिक्षिका को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। इस बीच हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें आरोपी छात्र शिक्षिका के गले में हाथ डालकर उन्हें जबरन ले जाता और फिर हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है। शिक्षिका के भाई की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।






















