रायपुर : राजधानी रायपुर में चाकूबाज बेलगाम हो चुके है अगर ये कहा जाये तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। क्योंकि पिछले 48 घंटो में शहर के ग्रामीण और शहरी इलाके में करीब 16 से 17 चाकूबाजी की वारदाते सामने आई है।
शहर के कोतवाली, आजाद, चौक, अभनपुर, विधानसभा, खम्हारडीह समेत कई थानो में चाकूबाजी की वारदाते सामने आई है। न्यू चंगोराभाठा निवासी मोंटू देवांगन ड्रायवरी का काम करता है। दर्ज हुई एफआईआर के मुताबिक रात करीब साढे 11 बजे अलमारी फैक्ट्री के पास आरोपी राहुल देवांगन के साथ विवाद हुआ था, उसके बाद आरोपी राहुल देवांगन अपने रोहित विश्वकर्मा, चिंकी पटनायक उर्फ चीकू समेत अन्य साथियों के साथ मिला और पुरानी रंजिश के चलते मोंटू से बहस करते हुए गालियां देने लगा, उसके साथियों ने हाथ मुक्के से मारपीट करने लगा,
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी राहुल ने अपने पास रखे चाकू से मोंटू पर हमला कर दिया और चाकू से बांये आंख, दाहिने कान, दाहिने गाल एवं दाहिने तरफ कमर में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गये। इससे पहले आजाद चौक थाने में उर्स में निकले संदल के दौरान हुए बच्चों के विवाद पर दो गुटो में विवाद हुआ और विवाद इतना बढ़ा कि बीच सड़क में जमकर चाकूबाजी हुई में 5 लोगों को चाकू मारकर घायल कर दिया। जिसमें एक गंभीर रूप से घायल है और जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
इसके अलावा कोतवाली इलाके में उर्स के दौरान संदल (चादर) निकलने के दौरान डीजे गाडी के ऊपर से उतरने का कहने पर दोनों युवको ने अर्यन खान उर्फ अवि पर बेसबॉल स्टिक और लोहे की रॉड समेत धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद से आरोपी दानिश और ज़ीशान फरार हो गये। धरसींवा थाना की सिलतरा पुलिस चौकी इलाके में एक बाइक सवार युवक को चाकू मारकर एक मोबाइल फ़ोन और 1500 रुपए लूटने की वारदात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियो को गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा सोमवार देर रात भी अमलीडीह आरडीए कॉलोनी में त्यौहार मिलने अपने मित्र के घर पीयूष जॉन सपरिवार पहुंचा था। अपने परिवार के साथ कार में वापस घर जाते समय बीच सड़क पर लड रहे दो आरोपियो को हटने के लिए कहा तो दोनो ने पीडित पीयूष जॉन को कार से उतारकर पेट और कमर पर चाकू मार दिया जिसके बाद उसके एक मित्र ने आरोपी मोहित सिंह उर्फ डायमंड को दबोचकर मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले किया। फिलहाल राजेन्द्र नगर थाना में पुलिस ने एफआईआर दर्जकर बाकी आरोपियो की तलाश में जुटी है।






















