राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कोतवाली थाने से लूट के मामले में गिरफ्तार दो आरोपी फरार हो गये। थाने की सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपियों के भाग निकलने की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिये हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अंकिता शर्मा ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।
तीन आरक्षकों पर गिरी निलंबन की गाज
थाने से दो आरोपियों के फरार होने के मामले में एसपी अंकिता शर्मा ने सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में आरक्षक नितेश ध्रुव, किशन देवांगन और दुर्गेश साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को थाने की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
लूट के मामले में पकड़े गये दोनों आरोपियों के थाने से फरार होने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गयी है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं।
थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
पुलिस थाने से गिरफ्तार आरोपियों के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिये हैं। अब पुलिस के सामने फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के साथ-साथ घटना के दौरान हुई लापरवाही की जांच करना भी चुनौती है।



























