रायपुर : दिवाली से पहले फिर सीएम साय कैबिनेट की अहम बैठक आज 27 अक्टूबर को सुबह 11.30 बजे नवा रायपुर के मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित की गई है। साय सरकार की अध्यक्षता में होने जा रही कैबिनेट की बैठक में सभी मंत्री और उनके विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों पर चर्चा होगी।
महंगाई भत्ते पर लग सकती है मुहर
इस बैठक में राज्य की कैबिनेट जनहित से जुड़े कई बड़े फैसले ले सकती है। (DA Hike Chhattisgarh) सूत्रों के मुताबिक प्रदेश भर के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में महंगाई और राहत भत्ते (Dearness Allowance Hike) पर फैसले लिए जा सकते है। हालांकि, यह मीडिया सूत्रों के दावे है, कयास हैं। इसके अलावा बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी और कस्टम मिलिंग नीति को लेकर चर्चा हो सकती है।
महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत वृद्धि की मांग
दूसरी ओर अब कर्मचारी संगठन ने सीएम साय को पत्र लिखकर जल्द से जल्द महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत वृद्धि करने की मांग की है। कर्मचारी संगठन का कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता देने और बकाया एरियर का भुगतान करने का आश्वासन दिया गया था। ऐसे में कर्मचारियों को उम्मीद है कि सरकार अपने वादे के अनुरूप जल्द फैसला लेगी। संगठन के मुताबिक, 6 सितंबर को आयोजित प्रांतीय बैठक में महंगाई भत्ते के मुद्दे पर चर्चा की गई थी। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर सरकार को मांग पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। अब फेडरेशन ने दिवाली से पहले मांग पूरी करने की अपील की है।
60 प्रतिशत हो जाएगा महंगाई भत्ता
बता दें कि छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों को फिलहाल 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता दिया जा रहा है, जबकि केंद्रीय कर्मचारियों की तुलना में यह 2 प्रतिशत कम है। संगठन की मांग है कि राज्य सरकार इस अंतर को खत्म करते हुए कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत दे। कर्मचारी संगठन का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण कर्मचारियों और पेंशनरों के घरेलू बजट पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में केवल महंगाई भत्ते की दर बढ़ाना ही नहीं, बल्कि देय तिथि से बकाया एरियर का भुगतान करना भी जरूरी है।
केंद्र सरकार के कर्मचारियों को कब मिलेगा DA Hike का तोहफा?
केंद्र सरकार के कर्मचारी भी महंगाई भत्ते में अगली बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि केंद्र सरकार DA में 3 प्रतिशत का इजाफा कर सकती है। ऐसा होने पर महंगाई भत्ता मौजूदा 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। लेकिन इस संभावित बढ़ोतरी को लेकर सरकार की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। दिवाली 8 नवंबर 2026 को होने के कारण कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को त्योहार के आसपास घोषणा की उम्मीद है।
DA में 3% बढ़ोतरी हुई तो कितनी बढ़ेगी सैलरी?
अगर केंद्र सरकार महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी करती है तो कर्मचारियों को उनके मूल वेतन के आधार पर अतिरिक्त राशि मिलेगी। उदाहरण के लिए, 18,000 रुपये मूल वेतन वाले कर्मचारी को हर महीने 540 रुपये अतिरिक्त मिल सकते हैं। वहीं, 56,100 रुपये मूल वेतन वाले कर्मचारी की मासिक आय में कटौतियों से पहले 1,683 रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है। महंगाई भत्ते की गणना मूल वेतन के प्रतिशत के आधार पर की जाती है। बता दें कि केंद्र सरकार की अगली DA बढ़ोतरी अभी घोषित नहीं हुई है, इसलिए इन कर्मचारियों को आधिकारिक आदेश का इंतजार करना होगा।



























