सूरजपुर : बड़कापारा के साप्ताहिक बाजार में चोरी के शक ने देखते ही देखते ऐसा रूप ले लिया कि भीड़ ने कानून अपने हाथ में ले लिया। मोबाइल और हजारों रुपये चोरी करने के आरोप में दो महिलाओं को लोगों ने घेर लिया। पहले पूछताछ हुई और फिर देखते ही देखते दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि बाजार में मौजूद कुछ लोगों को महिलाओं पर चोरी का संदेह हुआ था। आरोप लगते ही वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिलाओं से पूछताछ के दौरान मामला गर्म हो गया और कुछ लोगों ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट कर दी।
बाजार में तमाशबीन बनी रही भीड़
घटना के दौरान बाजार में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। भीड़ के बीच महिलाओं से पूछताछ और मारपीट होती रही। इसी दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। अब यही वीडियो सामने आने के बाद घटना चर्चा में है।
वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
वीडियो में भीड़ के बीच दोनों महिलाओं को घेरकर पूछताछ करते और उनके साथ मारपीट करते लोग दिखाई दे रहे हैं। सवाल यह है कि चोरी का संदेह होने पर पुलिस को सूचना देने के बजाय भीड़ को कानून हाथ में लेने की छूट कैसे मिल गई? साप्ताहिक बाजार में हुई इस घटना ने न सिर्फ भीड़ की मानसिकता पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। अब लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर है कि इस मामले में मारपीट करने वालों के खिलाफ क्या कदम उठाया जाता है।



























