कोरबा : गुरुवार को स्कूल जाने के बजाय तालाब में नहाने पहुंचीं तीन मासूम सहेलियों की डूबने से मौत हो गई। इंदु, राखी और साधना तीनों गहरे पानी में उतर गईं और एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में डूब गईं। तीनों बच्चियों की उम्र महज 7 से 8 साल थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम पसर गया। मामला पाली थाना क्षेत्र के नूनेरा गांव का है।
स्कूल नहीं गईं, दोपहर में तालाब पहुंचीं तीनों सहेलियां
जानकारी के मुताबिक नूनेरा गांव निवासी इंदु अगरिया (7), पिता दुर्जन, राखी (8), पिता मलखम और साधना (8), पिता सुखसिंह आपस में सहेलियां थीं। तीनों कक्षा पहली में पढ़ती थीं और किसान परिवार से थीं। बताया गया कि गुरुवार को उनके परिजन अपने-अपने काम पर गए हुए थे। इसी दौरान तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गईं और दोपहर के समय गांव के तालाब में नहाने के लिए चली गईं। देर शाम तक जब परिजन घर लौटे तो तीनों बच्चियां वहां नहीं मिलीं। इसके बाद परिजनों के साथ ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
तालाब किनारे मिले कपड़े और चप्पल
तलाश के दौरान एक ग्रामीण तालाब की ओर पहुंचा। वहां तालाब की मेड़ पर बच्चियों के कपड़े और चप्पल पड़े हुए मिले। इससे परिजनों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई। इसी दौरान तालाब के पानी में एक बच्ची का शव दिखाई दिया। ग्रामीण ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों और अन्य लोगों को दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों की मदद से तीनों शव बरामद
सूचना मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाश शुरू की गई। तलाशी के दौरान तीनों बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों सहेलियां नहाने के दौरान गहरे पानी में चली गईं। बताया जा रहा है कि एक बच्ची को डूबता देखकर दूसरी उसे बचाने पहुंची और इसी क्रम में तीनों पानी में डूब गईं। हालांकि घटना की पूरी परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है।
गांव में पसरा मातम
तीनों बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही नूनेरा गांव में मातम छा गया। जिन बच्चियों की दिनभर गांव में चहल-पहल रहती थी, उनकी मौत से परिवारों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।











































