कोरबा : कटघोरा थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों के सस्पेंशन के बाद कोरबा पुलिस में बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने जिले के कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की नवीन पदस्थापना का आदेश जारी किया है। जारी आदेश में 3 निरीक्षक, एक उप निरीक्षक और 4 सहायक उप निरीक्षक समेत कुल 8 पुलिसकर्मियों की पदस्थापना बदली गई है।यह आदेश 17 अगस्त 2026 को जारी किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपनी नवीन पदस्थापना स्थल पर आमद देने के निर्देश दिए गए हैं।
कटघोरा को मिला नया थाना प्रभारी
इससे पहले कटघोरा थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मिली गंभीर शिकायत पर SP ने बड़ा एक्शन लिया है। थाना प्रभारी मोती पटेल सहित एएसआई राम सिंह व कांस्टेबल के खिलाफ मिली शिकायत की जांच के बाद एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने तीनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। इधर, मोती पटेल के सस्पेंशन के बाद उप निरीक्षक प्रेमचंद साहू को थाना प्रभारी दीपका से स्थानांतरित कर थाना प्रभारी कटघोरा बनाया गया है। इसके अलावा उप निरीक्षक सुमन लाल पोया को थाना प्रभारी लेमरू से कटघोरा भेजा गया है। वहीं सहायक उप निरीक्षक चंद्रपाल खांडे, जो वर्तमान में थाना प्रभारी करतला के पद पर हैं, उन्हें भी थाना कटघोरा में पदस्थ किया गया है।
तीन निरीक्षकों को भी मिली नई जिम्मेदारी
आदेश में तीन निरीक्षकों की नवीन पदस्थापना की गई है। निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी को रिजर्व केंद्र कोरबा से थाना प्रभारी दीपका बनाया गया है। इसी तरह निरीक्षक गणेश राम यादव को रिजर्व केंद्र कोरबा से थाना प्रभारी करतला की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं निरीक्षक लोकनाथ यादव को रिजर्व केंद्र कोरबा से थाना प्रभारी लेमरू बनाया गया है। इस बदलाव के बाद दीपका, करतला और लेमरू थानों की कमान नए निरीक्षकों के हाथों में होगी।
पाली और अजाक थाने में भी बदलाव
तबादला सूची में सहायक उप निरीक्षकों की पदस्थापना भी बदली गई है। सहायक उप निरीक्षक मनु प्रताप कुर्रे को थाना अजाक से थाना पाली भेजा गया है। वहीं सहायक उप निरीक्षक महिपाल सिंह के संबंध में थाना पाली के स्थानांतरण आदेश को संशोधित करते हुए उन्हें थाना अजाक में पदस्थ किया गया है। इस तरह जिले के अलग-अलग थानों में पुलिस अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
तत्काल नवीन पदस्थापना स्थल पर देने होंगे योगदान
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल अपनी आमद नवीन पदस्थापना स्थल पर देना सुनिश्चित करें। आदेश की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज सहित संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को भी भेजी गई है। पुलिस विभाग के इस फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई पदस्थापनाओं के बाद संबंधित थानों में पुलिसिंग व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर नई जिम्मेदारियां तय होंगी।
तबादले की पूरी सूची












































