रायपुर : छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों में मानसून के आगे बढ़ने और प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 3 से 4 दिनों के दौरान मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार के शेष हिस्सों और छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ सकता है।
सामान्य तौर पर प्रदेश में मानसून 13 जून के आसपास पहुंच जाता है, लेकिन इस मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहने के कारण इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई। इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक और तेज आंधी तूफान के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।
गरज-चमक और तेज आंधी तूफान की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश हुई है। दुर्ग में सबसे ज्यादा 3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जशपुर में 2 सेमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के केल्हारी में 1 सेमी, जशपुर के मनोरा में 1 सेमी और बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई। छत्तीसगढ़ में आज मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।





















