बिलासपुर : नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवालों के बीच एसएसपी रजनेश सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच के बाद संबंधित मामले में पदस्थ उप निरीक्षक (एसआई) शीतला प्रसाद त्रिपाठी को लाइन अटैच कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार ने पुलिस पर मामले में समझौते का दबाव बनाने और जांच में लापरवाही बरतने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
परिजनों ने इसकी शिकायत सीधे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से की थी, जिसके बाद मामले की विभागीय जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर एसएसपी रजनेश सिंह ने कार्रवाई करते हुए एसआई शीतला प्रसाद त्रिपाठी को लाइन अटैच करने का आदेश जारी किया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चा का माहौल है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अब जांच वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कराई जाएगी।
एसएसपी ने पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रश्मित कौर चावला को सौंपी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित परिवार ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।























