जयपुर : स्कूलों में 10वीं और12वीं की बोर्ड परीक्षाएं अब अंतिम चरण पर हैं। वहीं बाकी कक्षाओं की परीक्षाओं की तैयारियां की जा रही है। बच्चे गर्मियों की छुट्टियों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में अब उनकी गर्मियों की छुट्टियों को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। राजस्थान सरकार ने शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार और पढ़ाई के लिए अधिक कार्य दिवस सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गर्मियों की छुट्टियों में 10 दिन की कटौती की गई है। Summer Vacation Latest News
दरअसल, बीतें दिनों शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जयपुर स्थित शिक्षा संकुल में शिक्षक संगठनों के प्रदेश प्रतिनिधियों के साथ संवाद बैठक की। इसमें कई अहम मसलों को लेकर चर्चा की गई। नए शैक्षणिक सत्र को 1 अप्रैल से प्रारंभ किए जाने तथा ज्यादा से ज्यादा बच्चों को प्रवेशोत्सव के माध्यम से सरकारी विद्यालय में प्रवेश दिलाने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने, छात्र और शिक्षकों की सुरक्षा सहित कई एजेंडे इस बैठक में थे।
अब रहेगा इतने दिनों का अवकाश
बैठक में तय किया गया कि अब ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि को कम कर दिया जाएगा। पहले स्कूलों में 17 मई से 30 जून तक कुल 45 दिन की छुट्टियां रहती थीं, लेकिन अब यह अवकाश 16 मई से 20 जून तक ही रहेगा। यानी अब कुल 35 दिन का ही ग्रीष्मकालीन अवकाश मिलेगा। इस बदलाव से अब 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में शिक्षक और विद्यार्थी सुगमता से शामिल हो सकेंगे। पहले अवकाश के कारण योग दिवस के कार्यक्रमों में भागीदारी में परेशानी आती थी।
25 मार्च को मेगा पीटीएम
अब स्कूलों में नया शिक्षा सत्र 1 अप्रेल से शुरू होगा। नए सत्र की शुरुआत से पहले 25 मार्च को प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में मेगा पीटीएम (अभिभावक-शिक्षक बैठक) और पीएएम (अभिभावक-आंगनबाड़ी बैठक) आयोजित की जाएगी। इस दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई, प्रगति और स्कूल से जुड़े मुद्दों पर अभिभावकों से चर्चा की जाएगी।























