कोरबा : कांग्रेस के सीनियर लीडर और नेता प्रतिपक्ष डाॅ.चरणदास महंत ने पार्टी की एकजुटता को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होने दो टूक शब्दों में कहा कि….अगर कांग्रेस एकजुट रहेगी, तभी कांग्रेस की सरकार बनेगी, अन्यथा नही बनेगी ये मैं कह रहा हूं। वहीं कवासी लखमा के जेल से छूटने पर डिप्टी सीएम को धन्यवाद देने के मुद्दे पर महंत ने चुटकी लेते हुए कह दिया कि…बेचारा पिछले एक साल से जेल में बंद थे। इस दौरान उनका तबियत भी खराब हुआ। हो सकता है इस दौरान डिप्टी सीएम ने जेल में कुछ सुख-सुविधाएं दिलायी होगी।
डाॅ.चरणदास महंत का ये बयान आज कोरबा में सामने आया है, जिसमें उन्होने सूबे की साय सरकार पर भी जमकर हमला बोला। नेता प्रतिपक्ष डाॅ.चरणदास महंत आज कोरबा प्रवास पर रहे। उन्होने कोरबा प्रेस क्लब पहुंचकर मीडिया से सौजन्य मुलाकात की। इस सौजन्य मुलाकात के दौरान महंत ने सूबे की साय सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रदेश में हो रही धान खरीदी पर सवाल उठाते हुए उन्होने आरोप लगाया कि ऐसा पहली बार है, जब छत्तीसगढ़ का किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
साय सरकार में किसान को टोकन जारी करने से लेकर धान के सत्यापन और फिर बैंक से पैसा निकालने तक में हर कदम पर रिश्वत देना पड़ रहा है। बावजूद इसके सरकार की नजर किसान की इस तकलीफ की तरफ नहीं जा रही। डाॅ.महंत ने आरोप लगाया कि आज भी छत्तीसगढ़ के लाखों किसान धान नहीं बेच पाये है। सरकार ने भले ही धान खरीदी की समय सीमा बढ़ा दी है, लेकिन वो पर्याप्त नहीं है। जिसे लेकर अन्नदाता सरकार के सामने खुद को लाचार महसूस कर रहा है।
SIR के मुद्दे पर सरकार पर लगाये गंभीर आरोप
डाॅ.चरणदास महंत ने छत्तीसगढ़ में हो रहे एसआईआर में फार्म 7 के जरिये सुनियोजित तरीके से मुस्लिम और ईसाई जाति वर्ग के लोगों के नाम काटे जा रहे है। उन्होने आरोप लगाया कि उपर से ही बीजेपी के सीनियर लीडर बकायदा इसकी रणनीति बनाकर सभी विधानसभा में ऐसे वर्ग विशेष के मतदाताओं की पहचान कर उनके नाम मतदाता सूची से कटवाने के लिए फार्म 7 का दुरूपयोग किया जा रहा है।
एकजुटता पर महंत ने जतायी चिंता, कहा…एकजुट रहेंगे तभी बनेगी कांग्रेस की सरकार
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी में व्याप्त गुटबाजी किसी से छिपी नही है। ऐसे में हाईकमान भले ही पार्टी की एकजुटता की राग अलापता रहे, लेकिन जमीन पर गुटबाजी की ये खाई काफी गहरी नजर आती है। इस मुद्दे पर जब मीडिया ने महंत से सवाल किया, तो उन्होने साफ कहा कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार आने के बाद पार्टी ने ही तय किया था कि एक साल तक सरकार के कामकाज को देखेंगे। इसके बाद मुद्दो के साथ सरकार को घेरा जायेगा।
दो साल का समय बीत गया है और कांग्रेस साय सरकार को उनकी नीतियों और जनहित के मुद्दो को लेकर लगातार घेर रही है। वहीं जब महंत से पूर्व सीएम बघेल और जयसिंह अग्रवाल और पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव और बृहस्पति सिंह के बीच व्याप्त मदभेद के मुद्दे पर सवाल किया गया, तब महंत ने पार्टी की एकजुटता का राग अलापते हुए कुछ भी कहने से बचते नजर आये।
DY CM ने लखमा को जेल में कुछ सुख-सुविधाएं दिलाई होंगी- डाॅ.महंत
पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के जेल से छूटने के बाद डिप्टी सीएम अरूण साव को धन्यवाद देने के मुद्दे पर जब डाॅ.महंत से सवाल किया गया। मीडिया ने उनसे पूछा कि लखमा बीजेपी के डिप्टी सीएम को धन्यवाद दे रहे है, क्या कांग्रेस से नाराज है। इस पर डाॅ. चरणदास महंत ने कवासी लखमा को बेचारा बताते हुए कहा कि….. स्वभाविक है वो बेचारा लगभग एक साल से जेल में बंद थे, उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य की रक्षा सबकी जरूरत है। हो सकता है उप मुख्यमंत्री मतलब गृहमंत्री ने उनको कुछ सुख सुविधाएं उपलब्द्ध करायी होंगी, इसलिए उन्होने धन्यवाद दिया होगा।











































