शिवपुरी : जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शादी समारोह से लौटे एक दंपति के बीच उस समय विवाद खड़ा हो गया जब बस स्टैंड पर पति के शौचालय जाने के दौरान उसकी पत्नी कथित रूप से अपने प्रेमी के साथ चली गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद दोनों पक्ष कोतवाली थाने पहुंचे, जहां महिलाओं के बीच जमकर कहासुनी हुई।
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी मगरौनी क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह से लौटकर शिवपुरी बस स्टैंड पहुंचे थे। इसी दौरान पति जसराज शौचालय के लिए गया। आरोप है कि उसकी अनुपस्थिति में उसकी पत्नी, जो तीन बच्चों की मां बताई जा रही है, अपने कथित प्रेमी के साथ वहां से चली गई। घटना की जानकारी मिलने पर जसराज ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद दोनों पक्षों कोतवाली थाने पहुंचे, जहां महिलाओं के बीच तीखी बहस और विवाद की स्थिति बन गई।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप कर मामला शांत कराना पड़ा। बताया जा रहा है कि महिला का कथित प्रेमी गोलू रजक फिजिकल थाना क्षेत्र के करोंदी गांव का निवासी है। स्थानीय लोगों के अनुसार महिला और गोलू रजक के बीच काफी समय से संपर्क था। फिलहाल कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।























