रायपुर : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कारों के लिए चयन हुआ है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में तीनों शहरों को सम्मानित करेंगी। खास बात यह है कि पिछले वर्ष भी इन तीनों नगरीय निकायों को स्वच्छ सर्वेक्षण में पुरस्कार मिला था।
विज्ञान भवन में होगा सम्मान समारोह
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु चयनित शहरों को पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे।
छत्तीसगढ़ से ये प्रतिनिधि होंगे शामिल
पुरस्कार समारोह में छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव शामिल होंगे। उनके साथ विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल सहित चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी भी समारोह में भागीदारी करेंगे।
सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों की भागीदारी से मिली उपलब्धि
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है। इस वर्ष सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है।
इस थीम के माध्यम से स्वच्छता अभियान में सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है। चयनित शहरों में स्वच्छता गतिविधियों को सफल बनाने में नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों और आम नागरिकों की भी अहम भूमिका रही है। लगातार दूसरे वर्ष रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चयन होना प्रदेश के नगरीय स्वच्छता प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।



























