कोलकाता : पश्चिम बंगाल में चुनावी बिगुल बज चुका है। प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। वहीं पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है।
टीएमसी ने ‘लक्ष्मी भंडार’ स्कीम के तहत, जनरल कैटेगरी की महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपए और SC/ST को हर महीने 1,700 रुपए देने का ऐलान किया है। सीएम ममता बनर्जी ने कहा, जो युवा बेरोजगार हैं उन्हें हर महीने 1,500 रुपए पॉकेट मनी के तौर पर मिलेंगे। बंगाल इंडस्ट्री के लिए एक डेस्टिनेशन है। हम MSME में नंबर वन हैं। MSME के तहत 1.5 करोड़ कर्मचारी काम करते हैं। बंगाल में लेदर इंडस्ट्री सबसे बड़ी है।’
ममता बनवाएंगी बंगाल में नए जिले
घोषणा पत्र जारी करते हुए सीएम और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि, ‘हम ‘दुआरे चिकित्सा’ (घर-घर स्वास्थ्य सेवाएं) शुरू करेंगे। हम इसे हर बूथ पर शुरू करेंगे, हम ‘दुआरे चिकित्सा’ कैंप लगाएंगे. हजारों स्कूलों को ई-लर्निंग सुविधाओं के साथ मॉडर्न बनाया जाएगा। आने वाले दिनों में हम 7-8 नए जिले, ब्लॉक, यहां तक कि नई नगर पालिकाएं भी बनाएंगे।’
टीएमसी सरकार बढ़ाएगी कृषि बजट
इसके साथ ही सीएम ममता बनर्जी ने ऐलान किया है कि, फिर से सरकार ने आने के बाद कृषि क्षेत्र में बजट को बढ़ाया जाएगा। ममता बनर्जी ने कहा, ‘खेती पर निर्भर परिवारों की सहायता करने, भूमिहीन किसानों को समर्थन देने और कृषि क्षेत्र को और बेहतर बनाने के लिए 30,000 करोड़ रुपए का कृषि बजट लाने के लिए भी प्रतिबद्ध हूं। इसके अलावा हर ब्लॉक और कस्बे में घर-घर मेडिकल सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाएगा।’






















