कोरबा : छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने गंभीर आरोप लगाए हैं। कोरबा के बालको क्षेत्र में छोटे दुकानदारों को हटाने के नोटिस को लेकर अग्रवाल ने मंत्री पर उद्योग प्रबंधन को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है। पूर्व मंत्री ने कहा कि बालको प्रबंधन द्वारा क्षेत्र के छोटे दुकानदारों को नोटिस देकर हटाने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि मंत्री अपने चुनावी वादों को भूलकर प्रबंधन का पक्ष ले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री गरीब व्यापारियों की अनदेखी कर प्रबंधन की चाटूकारिता में लगे हैं।
गौरतलब है कि कोरबा के बालको क्षेत्र में संचालित छोटे दुकानों को हटाने बालको प्रबंधन द्वारा नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में 8 अप्रैल तक दुकान हटा लेने का अल्टीमेटम दिया गया था। इसके साथ ही दुकान नहीं हटाने पर अवैध रूप से संचालित ऐसी दुकानों को प्रबंधन द्वारा बलपूर्वक हटाने की चेतवनी दी गयी थी। बालको प्रबंधन की इस अंतिम नोटिस के बाद क्षेत्र के लघु दुकानदारों द्वारा पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से संरक्षण एवं सहयोग की अपील की गयी थी। जिसके बाद एक दिन पहले ही बुधवार को जयसिंह अग्रवाल ने बालकोनगर पहुंचकर उत्सव वाटिका, इंदिरा मार्केट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बालको प्रबंधन द्वारा नोटिस प्राप्त लगभग सभी प्रभावित दुकानदार एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का आयोजन बालकोनगर चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स द्वारा किया गया था।

पूर्व मंत्री ने बालको प्रबंधन को दी चेतावनी
बैठक के दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बालको प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ठेला-गुमटी और दुकाने हटाने का प्रयास किया गया, तो उसके विरोध में जोरदार आंदोलन किया जाएगा। उन्होने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा और बालको द्वारा किए गए अवैध निर्माणों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई हेतु जनआंदोलन किया जाएगा। जयसिंह अग्रवाल ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे पूरी एकजुटता के साथ प्रभावित दुकानदारों के समर्थन में खड़े रहें और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव संघर्ष करें।
मंत्री और परिवार पर लगाया गंभीर आरोप
बैठक के दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने एक बार फिर सरकार के उद्योग मंत्री और शहर विधायक लखनलाल देवांगन पर हमला बोला। उन्होने आरोप लगाया कि चुनाव के वक्त लखनलाल देवांगन ने स्थानीय व्यापारियों को वादा किया था कि चुनाव जीतने के बाद उनका स्थायीकरण किया जायेगा। लेकिन चुनाव जीतने के बाद अब तक मंत्री की तरफ से कोई भी सकारात्मक पहल नहीं की गयी। उन्होने आरोप लगाया कि गरीबी का ढोंग रचकर चुनाव जीते, मंत्री बने और अब गरीबों को हटाने का काम कर रहे है।

जयसिंह अग्रवाल ने आरोप लगाया कि मंत्री देवांगन द्वारा बालको प्रबंधन का एक तरफा पक्ष लेना, एक तरह की चाटूकारिता है। या सिर्फ बालको प्रबंधन से वूसली का साख बना लिया है। पूर्व मंत्री यहीं नहीं रूके उन्होने आगे मंत्री देवांगन के साथ ही उनके परिवार और भाई को लेकर भी गंभीर आरोप लगाये। उन्होने आरोप लगाया कि बालको के बड़े निर्माण स्थल से लेकर सीएसईबी संयंत्र के निर्माण में मंत्री के भाई रेत सप्लाई का काम कर रहे है। संयंत्र के राखड़ बांध पर मंत्री के भाई-भतीजा वसूली कर रहे है। हालांकि इन आरोपों पर मंत्री लखनलाल देवांगन या उनके कार्यालय की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
नोटिस प्राप्त दुकानदारों ने लगाया गंभीर आरोप
पूर्व मंत्री की मौजूदगी में बालको प्रबंधन से नोटिस प्राप्त दुकानदारों ने बताया कि प्रबंधन द्वारा उन्हें स्थल खाली करने के लिए 8 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया गया है। जिसके पश्चात यदि वे स्वयं स्थल खाली नहीं करते हैं, तो प्रबंधन द्वारा बलपूर्वक ठेला-गुमटी हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जयसिंह अग्रवाल ने स्पष्ट एवं कड़े शब्दों में कहा कि वे हर परिस्थिति में इन गरीब एवं मेहनतकश दुकानदारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि संकट की घड़ी में वे एक फोन कॉल पर हमेशा उपलब्ध रहेंगे और किसी भी प्रकार की अन्यायपूर्ण कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






















