दुर्ग : दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत रूहा और राजपुर में खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर मधुमक्खियों के हमले में एक महिला की मौत हो गयी। वहीं 7 अन्य ग्रामीणों को चिंताजनक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सुबह और शाम को हुई दो अलग-अलग घटनाओं में आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण मधुमक्खी के हमले से गंभीर रूप से घायल हो गये।
इस घटना में गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत हो गयी। जानकारी के मुताबिक ये घटना दुर्ग के धमधा ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत रूहा में घटित हुआ। बताया जा रहा है कि खेत में काम कर रहे लोगों पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में 40 वर्षीय दुर्गा साहू और उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दुर्गा साहू की मौत हो गई। अस्पताल में डाॅक्टरों ने बताया कि मधुमक्खियों के काटने से दुर्गा साहू की सांस की नली में सूजन आ गई थी।
साथ ही उनके शरीर के कई हिस्सों पर मधुमक्खियों ने डंक मारे थे। वहीं उनके पति को उपचार के बाद इंजेक्शन लगाया गया है और उनकी हालत अब पहले से बेहतर बताई जा रही है। इधर, धमधा ब्लॉक के ही ग्राम राजपुर में भी शाम करीब साढ़े छह बजे मधुमक्खियों के हमले में सात ग्रामीण घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों के चेहरे, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में मधुमक्खियों ने डंक मारे हैं। भर्ती मरीजों में चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है और उन्हें कहीं रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ी है।






















