आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा में इंसानियत को झकझोर देने वाला खौफनाक हत्याकांड सामने आया है, जहां ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के पार्वती विहार में प्रेम-प्रसंग के शक में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी विनय ने युवती को ऑफिस बुलाया, कहासुनी के बाद चाकू से गला रेतकर उसकी जान ले ली और हैवानियत की हद पार करते हुए शव के सिर और पैर अलग कर बोरे में भर दिया। इसके बाद आरोपी ने शव को उसी युवती की स्कूटी पर लादकर शहर की सड़कों पर घूमाया और सबूत मिटाने की कोशिश की।
23 जनवरी को युवती देर रात घर नहीं लौटी तो परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चार टीमों का गठन किया और शहर व हाईवे पर लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान 24 जनवरी की रात पार्वती विहार इलाके से एक बोरा बरामद हुआ, जिसमें युवती का क्षत-विक्षत शव मिला, जबकि सिर अलग था। CCTV फुटेज में आरोपी स्कूटी पर बोरे में शव ले जाते हुए साफ नजर आया, स्कूटी नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और महज 12 घंटे में उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि दोनों एक ही ऑफिस में काम करते थे और उसे शक था कि युवती किसी और युवक से भी मिलती थी, इसी शक ने उसे हत्या के रास्ते पर धकेल दिया। हत्या के बाद आरोपी ने शव को यमुना पुल से नीचे फेंक दिया और कटा हुआ सिर झरना नाले में डाल दिया, वहीं खुद को निर्दोष दिखाने के लिए परिजनों के साथ थाने जाकर युवती को ढूंढने का नाटक भी करता रहा। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी गिरफ्तार है, हत्या का खुलासा 100 से अधिक CCTV फुटेज के विश्लेषण से हुआ है, जबकि युवती का कटा हुआ सिर अभी बरामद नहीं हो सका है और उसकी तलाश जारी है।






















