रायपुर : छत्तीसगढ़ में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण में मतदाताओं के नाम काटे जाने को लेकर सूबे की सियासत गरमा गयी है। नेता प्रतिपक्ष डाॅ.चरणदास महंत द्वारा भारत निर्वाचन आयोग को पत्र लिखे जाने के बाद बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने महंत पर तंज कसा है। मीडिया के सवाल पर चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा कि…..”नेता प्रतिपक्ष जी तो पत्र ही लिखते है और दूसरा कोई काम थोड़ करते है। बताईये कोई दूसरा काम….कभी सड़क पर लड़ते देखा हो, सदन में कभी लड़ते देखा हो ?
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण में मतदाताओं के नाम काटे जाने को लेकर सियासत गरमायी हुई है। पिछले दिनों नेता प्रतिपक्ष डाॅ.चरणदास महंत ने मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया पर गंभीर चिंता जताते हुए भारत निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा था। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद फॉर्म-7 के माध्यम से सुनियोजित तरीके से मतदाताओं के नाम सूची से हटाने की तैयारी की जा रही है। महंत ने आरोप लगाया था कि मतदाताओं को टारगेट कर जानबूझकर उनके नाम काटे जा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए बेहद खतरनाक है।
इसके साथ ही डाॅ.चरणदास महंत ने सवाल उठाते हुए कहा था कि यदि प्रत्येक बूथ पर 200-200 मतदाताओं के नाम हटाए गए, तो इसका सीधा असर चुनावी परिणामों और लोकतंत्र की निष्पक्षता पर पड़ेगा। इन सारी समस्याओं को लेकर डाॅ.महंत ने भारत निर्वाचन आयोग से तत्काल हस्तक्षेप कर पूरी प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है। डाॅ.महंत के इस पत्र को लेकर अब बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने तीखी टिप्पणी करते हुए महंत पर तंज कसा है। मीडिया के सवाल पर अजय चंद्राकर ने कहा कि…..नेता प्रतिपक्ष जी तो पत्र ही लिखते है, और दूसरा कोई काम थोड़ करते है।
बताईये कोई दूसरा काम….कभी सड़क पर लड़ते देखा हो, सदन में कभी लड़ते देखा हो ? चिट्ठी लिखना सबसे आसान काम है, और उसको और आसान चरणदास महंत जी ने कर दिया है कि बिना तथ्य के चिट्ठी लिखना। कोई दस्तावेज लगाया है उन्होने आरोप लगाने से पहले ? और एक-आध जगह का उदाहरण बता दे….जहां हम कटवाये हो, हमारे दबाव में कटा हो ? चंद्राकर ने डाॅ.महंत पर आरोप लगाते हुए कहा कि…..इसके पीछे कोई वजह नही है ये सिर्फ अनुमान है।
चर्चा में रहना है, चिट्ठी लिखना है, अनुमान में अनुमान लगा लेना है, बस! मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में अजय चंद्राकर के इस तंज के बाद कांग्रेस पार्टी और नेता प्रतिपक्ष किस तरह से काउंटर करते है, ये तो आने वाला वक्त ही बतायेगा।






















