कवर्धा : कवर्धा जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को चपेट में लेकर जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में गंभीर रूप से घायल दो पुरूष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस घटना पर अपराध दर्ज कर आरोपी चालक की पतासाजी शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ये हादसा पंडरिया थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि मामला पंडरिया थाना क्षेत्र का है। ग्राम सैगोना के रहने वाले पंचराम बैगा, बकेला निवासी प्रेमलाल बैगा और चीनी बैगा गुरूवार की रात बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे। ग्राम बकेला से सैगोना की ओर लौटते वक्त क्षेत्र में बारिश हो रही थी, इसी दौरान अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीनों लोगों को चपेट में लेकर टक्कर मारने के बाद फरार हो गया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों ग्रामीण सड़क पर ही तड़पते रहे।
समय पर उपचार नही मिल पाने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गयी। स्थानीय लोगों ने इस घटना की जानकारी पंडरिया थाना को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शवों को जब्त कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा आरोपी वाहन चालक का सुराग जुटाने के लिए आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है। पुलिस ने इस दुर्घटना पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






















