Bilashpur

CG News : पति की मौत का सदमा नहीं सह पाई पत्नी, दो दिन बाद फांसी लगाकर दी जान

बिलासपुर : पचपेड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोपालपुर से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां पति की मौत का गहरा सदमा पत्नी सहन नहीं कर पाई और दो दिन बाद उसने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार में लगातार दो दिनों के भीतर हुई दो मौतों से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। घटना के बाद परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार ग्राम गोपालपुर निवासी रामनारायण केंवट का विवाह करीब चार वर्ष पहले सुनीता बाई केंवट से हुआ था। दोनों पति-पत्नी सामान्य लेकिन खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे थे। परिवार की जिंदगी अचानक उस समय बिखर गई जब 17 मई को रामनारायण घर में टुल्लू पंप चालू करने के दौरान करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

युवक की अचानक हुई मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया था। सबसे ज्यादा असर उनकी पत्नी सुनीता पर पड़ा। स्वजन के मुताबिक पति की मौत के बाद से ही सुनीता गहरे सदमे में थी। वह लगातार गुमसुम रहने लगी थी और परिवार के लोगों से भी कम बातचीत कर रही थी। घर के लोग उसे संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पति को खोने का दर्द वह सहन नहीं कर पा रही थी।

मंगलवार देर रात सुनीता ने घर के कमरे में सीलिंग फैन से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। देर रात जब परिवार के लोगों की नजर उस पर पड़ी तो वह फंदे पर झूल रही थी। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी बुधवार सुबह पचपेड़ी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की वजह पति की मौत के बाद उत्पन्न मानसिक आघात को मान रही है।

गांव वालों के मुताबिक रविवार को रामनारायण की अर्थी उठी थी और अभी परिवार उस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि मंगलवार रात बहू की मौत की खबर ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जब सुनीता का शव गांव पहुंचा तो बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां मौजूद रहे। शोकपूर्ण माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया।

What's your reaction?

Related Posts

CG Viral Video : नशे में धुत युवती का हाईवोल्टेज ड्रामा, चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों से की बदतमीजी, हुई कड़ी चालानी कार्रवाई

बिलासपुर : न्यायधानी बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत राजीव गांधी चौक…

CG Railway : छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों को बड़ा झटका, रेलवे ने इन ट्रेनों को किया अचानक किया रद्द, जानिए क्या है वजह?

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। दक्षिण…

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल – डीजल की किल्लत? …. इस जिले के 8 पेट्रोल पंप अभी से ड्राई, ये वजह आई सामने

बिलासपुर : बिलासपुर से पेट्रोलियम संकट की बड़ी खबर सामने आई है। ईरान-इजरायल तनाव…

Cg Crime : पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत, साथी भी हमले का शिकार, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर : जिले के कोटा क्षेत्र के ग्राम करगी खुर्द में पुरानी रंजिश को लेकर…

1 of 31