रायपुर : राजधानी रायपुर में स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। डुमरतराई स्थित पिज्जा के एक आउटलेट में गंदगी और खाद्य सामग्री पर मक्खियां मिलने के बाद निगम ने संचालक पर 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया। यह कार्रवाई जनशिकायत मिलने के बाद औचक निरीक्षण के दौरान की गई।
जनशिकायत के बाद पहुंची निगम की टीम
रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक-10 के स्वास्थ्य विभाग को डुमरतराई स्थित लक्ष्मीकांत पिज्जा दुकान की स्वच्छता को लेकर शिकायत मिली थी। नगर निगम आयुक्त के निर्देश और जोन कमिश्नर के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
खाद्य सामग्री पर मिलीं मक्खियां, गंदगी भी मिली
निरीक्षण के दौरान दुकान में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। खाद्य सामग्री के आसपास बड़ी संख्या में मक्खियां भिनभिनाती मिलीं। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के उल्लंघन की भी पुष्टि हुई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।
संचालक को चेतावनी, ₹10 हजार का ई-जुर्माना
जोन-10 के जोन स्वास्थ्य अधिकारी ने स्वच्छता निरीक्षकों और स्वच्छता दीदियों की मौजूदगी में दुकान संचालक को भविष्य में स्वच्छता नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी। इसके साथ ही मौके पर ही 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया।
जनशिकायत का त्वरित निराकरण
नगर निगम ने बताया कि जनशिकायत मिलने के बाद जोन-10 स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का मौके पर ही निराकरण किया। निगम ने सभी होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों से स्वच्छता मानकों का पालन करने की अपील की है।












































