Balod

CG News : बारिश के बाद खेत धंसा, 20 फीट चौड़ा और 30 फीट गहरा गड्ढा बना गांव में दहशत

बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में लगातार 24 घंटे तक हुई बारिश के बाद गुरुर ब्लॉक के ग्राम भानपुरी में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक किसान के खेत की जमीन अचानक धंस गई, जिससे खेत में करीब 20 फीट चौड़ा और 30 फीट से ज्यादा गहरा विशाल गड्ढा बन गया है।

घटना के बाद पूरे गांव में चिंता और दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, सुबह जब किसान अपने खेत पहुंचे तो वहां जमीन धंसी हुई दिखाई दी। शुरुआत में गड्ढे की गहराई करीब 10 फीट थी, लेकिन लगातार बारिश का पानी भरने और मिट्टी खिसकने के कारण यह धीरे-धीरे बढ़ता गया। शाम तक गड्ढे की गहराई करीब 30 फीट से अधिक हो गई, जबकि इसकी चौड़ाई लगभग 20 फीट तक पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम पंचायत को दी। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया।

सूचना मिलने पर कृषि विभाग और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने गड्ढे के आसपास लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। ग्राम भानपुरी के सरपंच डाकेश साहू ने बताया कि यह खेत किसान खेलन साहू का है। उन्होंने बताया कि घटना से एक दिन पहले ही किसान ने अपने खेत की मताई करवाई थी। सोमवार सुबह जब वह खेत पहुंचे तो अचानक जमीन धंसी हुई देखकर हैरान रह गए।

सरपंच के अनुसार, बारिश का पानी लगातार गड्ढे में जमा होता रहा, जिसके कारण जमीन और कमजोर होती गई और धंसाव का क्षेत्र बढ़ता चला गया। प्रशासन को तत्काल इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद वरिष्ठ कृषि अधिकारी छन्नू लाल ठाकुर और पटवारी नवीन साहू ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और रिपोर्ट तैयार की। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर जमीन धंसी है, वहां करीब 25 साल पुराना बंद पड़ा बोरवेल मौजूद था। जमीन धंसने के साथ ही बोरवेल का केसिंग पाइप भी पूरी तरह से धरती के अंदर चला गया।

इस घटना के बाद आसपास रहने वाले ग्रामीणों में भी डर का माहौल है। गांव के सरपंच ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से क्षेत्र में बोरवेल खुदाई के दौरान ऐसी घटनाएं सामने आती रही हैं। कई स्थानों पर 20 से 30 फीट की गहराई में केसिंग पाइप धंसने की शिकायतें मिली हैं। कुछ बोरवेल के पाइप जमीन के अंदर चले जाने से ग्रामीण पहले भी परेशान हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के बाद जमीन धंसने की यह घटना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से पूरे क्षेत्र की भू-वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की है,

ताकि जमीन के अंदर की स्थिति और धंसाव के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। प्रशासन द्वारा फिलहाल घटना की जांच की जा रही है। कृषि और राजस्व विभाग की टीम ने किसान को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए पंचनामा तैयार किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर बारिश के मौसम में जमीन धंसने और पुराने बोरवेल क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में वैज्ञानिक सर्वे कराया जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

What's your reaction?

Related Posts

CG News : कुत्ते से सावधान चार साल के बच्चो को घर से बाहर से खींचकर ले गया, 17 जगह पर काट खाया, हालत गंभीर…

बालोद : जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिल्हाटीखुर्द में एक दिल…

CG Breaking : छात्रावास में बच्चों से दुर्व्यवहार का आरोप, अधीक्षक हिरासत में, कलेक्टर ने दिये जांच के आदेश

बालोद : जिले के नगर पंचायत चिखलाकसा स्थित प्री-मैट्रिक छात्रावास में बच्चों के…

CG Crime : दिल्ली गयी लड़की से किया रेप, फिर दोस्त को 60000 रुपये में बेचा, बीबी बताकर करता रहा हैवानियत, अब मिली 20 साल की जेल

बालोद : नाबालिग लड़की से दुष्कर्म कर उसे 60 हजार रुपए में दूसरे व्यक्ति को बेचने…

1 of 7