जशपुर : जिला मुख्यालय के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले रणजीता स्टेडियम में रावण दहन के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कार्यक्रम के दौरान की जा रही आतिशबाजी का एक पटाखा अचानक अनियंत्रित होकर सीधे दर्शकों की भीड़ में जा गिरा, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रणजीता स्टेडियम में रावण दहन का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिवार पहुंचे हुए थे। कार्यक्रम के दौरान जब आतिशबाजी (धमाका) की जा रही थी, तभी अचानक एक तेज पटाखा भीड़ के बीच जा गिरा। पटाखे के गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और डर के मारे लोग इधर-उधर भागने लगे।
इस दौरान अचानक मची भगदड़ और पटाखे की चपेट में आने से दो लोग घायल हो गए। गनीमत यह रही कि समय रहते स्थिति संभल गई और कोई बड़ा जनहानि या गंभीर हादसा नहीं हुआ, वरना यह लापरवाही किसी भारी त्रासदी में बदल सकती थी। घटना के बाद से कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था और आतिशबाजी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।



























