कवर्धा : कबीरधाम जिले के चर्चित रानीदहरा जलप्रपात में कुछ दिन पहले मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। प्रारंभिक तौर पर संदिग्ध लग रही यह घटना अब एक सुनियोजित हत्या साबित हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंधों में तनाव और शादी के दबाव के चलते आरोपी ने अपनी ही प्रेमिका की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को पानी में फेंक दिया।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में पता चला कि मृतका सुखमती बाई बैगा (24), निवासी मुंगेली, का ग्राम दरवाजा (लोरमी) निवासी देवेंद्र प्रसाद जायसवाल (26) के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था।आरोपी देवेंद्र महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन सुखमती पहले से शादीशुदा थी और दो बच्चों की मां थी। इसी कारण वह शादी के लिए तैयार नहीं थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होता रहता था। पुलिस के अनुसार, दोनों पहले एक बार दिल्ली भी भाग चुके थे, लेकिन बाद में वापस लौट आए। इसके बाद महिला ने आरोपी से दूरी बनानी शुरू कर दी, जिससे तनाव और बढ़ गया।
सुनसान इलाके में रची साजिश
पुलिस के मुताबिक, 16 मार्च को आरोपी ने महिला को विवाद सुलझाने और घूमने के बहाने रानीदहरा जलप्रपात बुलाया। वहां सुनसान इलाके का फायदा उठाकर उसने महिला का गला घोंट दिया। हत्या के बाद आरोपी ने शव के साथ भारी पत्थर बांध दिए और उसे पानी में फेंक दिया, ताकि लाश ऊपर न आए और मामला हादसा लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राज्य छोड़कर फरार हो गया।
तीन दिन बाद मिला शव
घटना के तीन दिन बाद, 19 मार्च को कुछ पर्यटकों ने जलप्रपात में एक शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड और परिजनों के बयान के आधार पर जांच शुरू की। संदेह जल्द ही आरोपी प्रेमी देवेंद्र पर गया, जो घटना के बाद से लापता था।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर सेल और विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन महाराष्ट्र के पुणे में ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।






















