कांकेर : कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से एक शिक्षक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले शिक्षक पिछले 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी घर नहीं लौटे हैं, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार, अशोक उर्वसा, जो भूरभूसी स्कूल में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं, सोमवार सुबह करीब 7 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे।
इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने बताया कि शिक्षक के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। परिवार के लोग और परिचित पिछले दो दिनों से लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। शिक्षक के अचानक लापता होने की खबर से क्षेत्र में भी चिंता का माहौल है।
स्थानीय लोग और परिचित सोशल मीडिया के माध्यम से भी उनकी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। परिजनों ने प्रशासन और पुलिस से शिक्षक की जल्द से जल्द तलाश करने की मांग की है। वहीं, मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुट गई है। फिलहाल शिक्षक के लापता होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं और उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।























