गांधीनगर : गांधीनगर जिले के दहेगाम के बहियाल गांव में गुरुवार देर रात गरबा उत्सव के बीच दो समुदायों के बीच तनाव और हिंसक झड़प की घटना सामने आई है। यह विवाद सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट के कारण शुरू हुआ जो जल्दी ही पथराव और आगजनी में बदल गया।
पुलिस के अनुसार, एक युवक ने अपने सोशल मीडिया स्टेटस में #iLoveMuhammad की जगह #IloveMahadev लिखने को लेकर टिप्पणी की थी, जिस पर दूसरे समुदाय के लोग भड़क उठे। इसके बाद उस युवक की चाय की दुकान को आग लगा दी गई। साथ ही इलाके में चल रहे गरबा कार्यक्रम को भी निशाना बनाया गया। हिंसा में आठ से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए कई दुकानों में तोड़फोड़ हुई और एक दुकान में आग लगाई गई।
भीड़ ने पुलिस पर भी हमला किया जिससे पुलिस के दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए करीब 50 लोगों को हिरासत में लिया है। इलाके में फिलहाल तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शांति बनाए रखने के लिए सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।






















