बिलासपुर : जिले के रतनपुर क्षेत्र के नेवसा में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। बेलतरा क्षेत्र के सीता देवी स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा 9वीं की छात्रा पूनम रजक ने सोमवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों में आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह पूनम रोज की तरह स्कूल गई थी। स्कूल से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चली गई। देर शाम जब परिजन कमरे में पहुंचे तो छात्रा फांसी के फंदे पर लटकती मिली।
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सोमवार को स्कूल में टीचर आतिश रात्रे ने छात्रा और उसके दोस्त को कक्षा में डांटा और बाल पकड़कर घसीटते हुए आफिस रूम में ले जाकर डंडे से पिटाई की। छात्रा का दोस्त भी इसी स्कूल में 11वीं का छात्र है। पुलिस अब स्कूल के अन्य विद्यार्थियों के बयान लेकर घटना की पुष्टि करने में जुटी है। परिजनों का आरोप है कि छात्रा को लगातार स्कूल प्रबंधन और शिक्षक द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था।
घटना के बाद जब परिजनों ने छात्रा के शरीर की जांच की तो उस पर पिटाई के निशान साफ दिखाई दिए। परिजनों का कहना है कि यह अपमानजनक व्यवहार बच्ची के मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर डाल रहा था और इसी कारण उसने यह कठोर कदम उठाया। गांव के लोगों ने भी स्कूल प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल का संचालन रमेश साहू की पत्नी करती है, जबकि रमेश खुद सरकारी स्कूल में शिक्षक है। ग्रामीणों का कहना है कि रमेश अपने सरकारी स्कूल में पढ़ाने के बजाय ज्यादातर समय अपने निजी स्कूल में बिताता है।
इस बारे में कई बार अधिकारियों को शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि पूरे जिले में शिक्षा व्यवस्था और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि स्कूलों में अनुशासन लागू करने के नाम पर शारीरिक दंड और अपमानजनक व्यवहार बच्चों के जीवन पर गंभीर प्रभाव डाल सकते हैं।





















